कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड निवासी एक किशोरी को मारुति वैन सवार चार लोग शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गए। पांच दिनों तक पीड़ित पिता अपनी पुत्री की बरामदगी के लिए कोतवाली के चक्कर काटता रहा।
बुधवार को पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक टीम को दबिश के लिए हरियाणा भेजा है। मेरठ रोड पर दरवाजे की चिक बनाने वाला कारीगर अपने परिवार के साथ रहता है। 03 जून को उसकी नाबालिग पुत्री घर पर अकेली थी।
पुलिस में दी तहरीर के मुताबिक तभी हरियाणा के भिवाड़ी निवासी जैकी, बंटी, किरन और राजा मारुति वैन से आए और किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गए। पिता ने काफी खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चला।
कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पांच दिन तक कोतवाली के चक्कर काटने के बाद बुधवार को पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि एक टीम हरियाणा भेजी गई है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।