गर्भवती महिला का शव पंखे से लटका मिला
- फोटो : अमर उजाला
नगर के कासमपुरा मोहल्ला में मंगलवार रात एक गर्भवती महिला का शव पंखे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। पड़ोसियों की सूचना पर ससुराल पहुंचे मायके वालों ने खूब हंगामा किया। पीड़ित परिजनों ने कोतवाली में दहेज हत्या की रिपोर्ट कराई है।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जिला बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र के मुनकंदगढ़ी मोहल्ला निवासी उमराव सिंह की पुत्री राजकुमारी का विवाह ढाई साल पहले नगर के कासमपुरा मोहल्ला निवासी संजय से हुआ था।
संजय गृहस्थी करता है। एक बच्चे की मां राजकुमारी फिलहाल गर्भवती थी। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में बुलेट गाड़ी और 50 हजार रुपये की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी।
बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे राजकुमारी का शव उसके कमरे में पंखे से फंदे पर लटका मिला। परिजनों की चीख पुकार पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और मायके वालों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग कासमपुरा पहुंचे और दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। परिजनों के हंगामा की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह समझाकर परिजनों को शांत कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर पति संजय, सास इंद्रवती और ननद कुक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा।