कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड पर बुधवार की रात तीन युवकों ने बाइक सवार युवक से दस हजार रुपया लूट लिया। विरोध करने पर जमकर मारापीटा। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लूट के शिकार युवक ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। संजय विहार आवास विकास निवासी प्रेम मेरठ रोड पर बेल्डिंग का काम करता है। बुधवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से मोदीनगर रोड पर किसी काम से गया था।
काम खत्म करने के बाद करीब 9:30 बजे वह घर लौट रहा था। रास्ते में मोदीनगर रोड फ्लाईओवर से पहले एक चाट के ठेले पर वह चाट खाने लगा। इसी बीच तीन युवक पैदल आए और मारपीट कर उसकी जेब में रखे दस हजार रुपये लूट लिए।
पिटाई से प्रेम बेहोश हो गया, सड़क पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती काया। पीड़ित युवक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।