बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर हुई घटना
- फोटो : अमर उजाला
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर बुधवार की रात बाइक व स्कूटी के शोरूम की दूसरी मंजिल पर लगे जाल को काटकर चोर नगदी व गाड़ियों के पार्ट्स समेत कई लाख का सामान उठा ले गए।
बृहस्पतिवार की सुबह शोरूम के मालिक पहुंचे तो सामान बिखरा देखकर सन्न रह गए, इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस शोरूम में लगे सीसी कैमरे की फुटेज से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गांव रसूलपुर निवासी सनी चौधरी का कुचेसर रोड चौपला पर टीवीएस शोरूम है। बुधवार की रात वह रोजाना की तरह शोरूम बंद कर घर चले गए। रात में किसी समय चोर शोरूम के पीछे वर्कशाप की दीवार पर सीढ़ी लगाकर दूसरी मंजिल पर पहुंच गए।
वहां का जाल काटकर शोरूम में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर 47 हजार रुपये की नगद, बाइक व स्कूटी के पार्ट्स समेत लाखों का माल समेट ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह शोरूम पर पहुंचे कर्मचारियों ने सामान बिखरा देखकर मालिक को सूचना दी।
वारदात की जानकारी मिलने पर बाबूगढ़ थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शोरूम में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखकर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही दावा किया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।