कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एचपीडीए के पास ई-रिक्शा सवार तीन बदमाशों ने चालक को चाकुओं से गोदकर उस पर तेजाब डाल दिया और सात हजार रुपये लूटकर भाग गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश को ई-रिक्शा समेत पकड़ लिया।
जबकि उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने घायल चालक को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर कलां निवासी दिव्यांग असलम ई-रिक्शा चलाता है।
वह शनिवार सुबह घर से हापुड़ ई-रिक्शा लेकर निकला था। दोपहर के समय वह मेरठ तिराहे पर खड़े होकर सवारी का इंतजार करने लगा। तभी तीन युवकों ने उससे दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार चलने की बात कही और वह रुपये तय कर ई-रिक्शे में बैठ गए।
जैसे ही वह दिल्ली रोड पर एचपीडीए के पास पहुंचा तो बदमाशों ने चाकुओं से गोदकर उसके मुंह पर तेजाब डाल दिया। बदमाश उससे ई-रिक्शा और सात हजार रुपये नगदी लूट कर भाग गए। पीड़ित चालक ने दोस्त को फोन कर मामले की सूचना दी।
दोस्त पुलिस को सूचना देकर पीड़ित चालक के पास पहुंचने के लिए निकल गए। तभी दिल्ली रोड पर उन्हें असलम का ई-रिक्शा दिखलाई पड़ा, जिसे चला रहे बदमाश को पुलिस की मदद से पकड़कर ई-रिक्शा बरामद कर लिया।
जबकि उसके दो साथी मौका पाकर भागने में कामयाब रहे। सूचना मिलने पर एसपी अलंकृता सिंह भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस पकड़े गए बदमाश को थाने आ गई। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम संजय निवासी कुचेसर चौपला बताया है।
पुलिस उससे पूछताछ कर उसके साथियों की तलाश में जुट गई है। एसपी अलंकृता सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ उसके फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।