मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से 15 क्विंटल गोमांस के साथ दो आरोपियों को पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पशु चिकित्सक ने गोमांस की पुष्टि की।
मंसूरपुर पुलिस को सूचना मिली कि मुजफ्फरनगर से एक गाड़ी में कुछ लोग गाय का मांस लेकर साहिबाबाद जा रहे हैं। सूचना पर एसआई विनोद तेवतिया पुलिस बल के साथ हाईवे पर शाहपुर मोड़ पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी से दो आरोपियों मुजफ्फरनगर के मोहल्ला खालापार निवासी शमीम पुत्र नफीस व शावेज पुत्र यूसुफ को पकड़ लिया।
इस दौरान एक आरोपी सरफराज फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी से 15 क्विंटल मांस भी बरामद किया। पुलिस ने पशु चिकित्सक डॉ. उपेंद्र को बुलाया। चिकित्सक ने सैंपल लिया और गाय का मांस होने की पुष्टि की। पुलिस ने जंगल में जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर मांस को उसमें दबवा दिया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि किसी को भी इस मामले में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी की तलाश में दबिशें डाली जाएगी।