पिलखुवा। नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम चंडी चौराहे के पास कार की टक्कर से स्कूटी डंपर से भिड़ गई। इस हादसे में स्कूटी पर सवार युवक नसीम की मौत हो गई, दो अन्य घायल हो गए। उधर, हादसे के कारण करीब आधे घंटे तक हाईवे जाम रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया।
बृहस्पतिवार शाम चार बजे हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के पुरानी चुंगी निवासी आसिफ, सलमान और नसीम स्कूटी पर सवार होकर डासना से घर वापस लौट रहे थे, रास्ते में चंडी चौराहे के पास कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई।
इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीनों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आसिफ और सलमान की हालत गंभीर बनी हुई है। नसीम की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, घटना के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम को खुलवाया। कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि घायल युवकों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी कार चालक की तलाश कराई जा रही है।