थाना हापुड़ देहात ततारपुर गांव में एक बैंक में बदमाशों ने कूमल कर चोरी की कोशिश की। इस बीच जाग होने पर पड़ोस के एक परिवार ने शोर मचाया तो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जानकारी के अनुसार ततारपुर गांव में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा है। यह शाखा गांव निवासी वीरपाल के मकान में है। वीरपाल पड़ोस में परिवार के साथ रहता है।
मंगलवार रात तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने बैंक की दीवार में कूमल करने की कोशिश की। बदमाशों द्वारा दीवार में की जा रही तोड़फोड़ की आवाज से वीरपाल के परिजन जाग गए। उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी और शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस बदमाशों द्वारा छोड़े गए उपकरण अपने साथ लेकर आ गई।
वीरपाल द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कार्यावाहक थाना प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
बैंक में गार्ड की तैनाती नहीं होने से सुरक्षा रामभरोसे है। पुलिस अधिकारियों द्वारा बैंक ऑफ इंडिया पर गार्ड की तैनाती को लेकर कई बार पत्र भेजा चुका है। बैंक के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। रात में बैंक पर गार्ड तैनात होता तो बदमाश पकड़े जा सकते थे।