बीकानेर के सदर थाना इलाके में बुधवार को सड़क हादसे में एक विदेशी महिला पर्यटक की जान चली गई। बीकानेर पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को हादसा सार्दुलसिंह सर्किल के पास हुआ। जहां तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल सवार ने सड़क से गुजर रही बेल्जियम की रहने वाली विशर लिलियाने योवोनी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल लिलियाने को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बेल्जियम निवासी लिलियाने अपने साथियों के दल के साथ राजस्थान भ्रमण पर आई हुई थी। बुधवार शाम को बीकानेर में सार्दुलसिंह सर्किल के पास से गुजर रही थी। तभी सार्दुलसिंह सर्किल पर पीछे से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गिर पड़ी और गंभीर रुप से घायल हो गई। वहां मौजूद राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे के संबंध में पार्षद आदर्श शर्मा ने जिला कलक्टर वेदप्रकाश को सूचित किया। वहीं, सूचना मिलने पर बीकानेर एसपी अमनदीप सिंह कपूर और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच की जा रही है।