थाना हाफिजपुर क्षेत्र के अंतर्गत चितौली गांव में चार वर्षीय मासूम बच्चे की दूध के टैंकर के नीचे दबने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर एकत्रित हुई भीड़ ने तोड़फोड़ की कोशिश की।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति संभाली। चितौली गांव निवासी 4 वर्षीय रंजीत पुत्र संजय बुधवार को सड़क किनारे खेल रहा था। इस बीच मासूम बच्चा सड़क से गुजर रहे दूध के टैंकर की चपेट में आ गया।
हादसे में मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने तोड़फोड शुरू कर दी। इस दौरान किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने गुस्साए ग्रामीणों को किसी तरह समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया। वहीं कोतवाली प्रभारी एनके सिंह ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं होने पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई।
उधर, डीजे पर डांस के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद में बड़ों के बीच जमकर लात-घूसे चले। बाद में ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया। बहादुरगढ़ के पसवाड़ा गांव में बुधवार को एक ग्रामीण के घर नवजात शिशु का कुआं पूजन का कार्यक्रम चल रहा था।
इस दौरान गांव के कुछ बच्चे डीजे पर डांस कर रहे थे। डांस के दौरान दो बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते तोड़ी देर में विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन आपस में भिड़ गए।
इस दौरान परिजनों में जमकर लात-घूसे चले। बाद में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर मामला शांत करा दिया। एसओ संजीव शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता होने के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई है।