कोतवाली क्षेत्र के गांव में मायके आई नवविवाहिता को बदमाशों ने अपहरण कर लिया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताकर कोतवाली में तहरीर दी है।
परिजनों का आरोप है कि जहां पहले विवाहिता का रिश्ता तय हुआ था उन्हीं लोगों ने उसको अगवा किया है।
पुलिस इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। निजमापुर निवासी अनिल कुमार ने अपनी बेटी की शादी 10 जून को हरियाणा के पलवल निवासी लाला से की थी। 15 जुलाई को सावन व रक्षाबंधन पर विवाहिता मायके आई थी। 17 अगस्त की दोपहर वह घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं लग सका।
अनिल का आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी का एक स्थान पर रिश्ता तय किया था लेकिन युवक शराब पीने का आदी था। इसके चलते उन्होंने रिश्ता नहीं किया। जब उनकी बेटी निजामपुर आई थी तो कुछ लोग पुत्री के ससुराल में जाकर पूछताछ की थी।
काफी जानकारी करने के बाद पता चला था कि जिस स्थान पर उन्होंने पहले अपनी पुत्री का रिश्ता तय किया था, वह लोग पूछताछ करने के लिए विवाहिता के ससुराल गए थे। इसके चलते संदेह है कि उसकी बेटी को इन्हीं लोगों ने अगवा किया है। पुलिस इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि दो लोगों को हिरासत में लेकर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। युवकों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही लापता का पता लगा लिया जाएगा।