गढ़ में रेलवे लाइन पर शनिवार को एक और अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है। गढ़ और ब्रजघाट के बीच रेलवे ट्रैक पर एक सप्ताह में चौथा शव मिलने पर क्षेत्र में सनसनी है।
अब पुलिस भी किसी गैंग पर ट्रेनों से उतरे यात्रियों से लूटपाट के बाद हत्या का शक जता रही है। रेलवे फाटक से ब्रजघाट वाली साइड में पर्यटन विभाग के राही होटल से चंद गजों की दूरी पर शनिवार की सुबह में एक अज्ञात 35 वर्षीय युवक का बुरी तरह क्षत-विक्षत शव मिला है।
मृतक की शिनाख्त संभव नहीं हो पाई है, जो चैक की शर्ट और नीली जींस पहने हुए है। परंतु मृतक की जेब से ऐसी कोई भी चीज बरामद नहीं हो पाई है, जिससे उसके नाम-पते के विषय में कोई जानकारी मिलनी संभव हो सके।
बता दें कि एक सप्ताह के भीतर गढ़ और ब्रजघाट के बीच रेलवे लाइन पर युवती समेत यह चौथा शव बरामद हुआ है, जिससे चलती ट्रेनों में लूटपाट कर पीड़ि यात्रियों को धक्का देकर बाहर फेंकने वाला गिरोह सक्रिय होने की चर्चा से लोगों में अजीब सी दहशत व्याप्त हो रही है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ इंचार्ज सुभाष भी मौके पर पहुंच गए, जिनकी मौजूदगी में एसआई केपी सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।