बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में दुल्हैंडी के दिन मामूली कहासुनी पर कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मार दी थी। उन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर बुधवार को भाकियू के वरिष्ठ नेता दिनेश खेड़ा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि 24 मार्च को सरिता देवी के पुत्र सतेंद्र को गांव के ही हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी थी। सतेंद्र के चाचा ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया था,
लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस ने आरोपियों से सांठगांठ कर एक फर्जी मामला पीड़ित परिवार के खिलाफ ही दर्ज करा दिया। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर बहादुरगढ़ थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है।
एएसपी के आश्वासन पर ग्रामीण मान गए। प्रदर्शन में चौधरी चमन सिंह, सोमपाल सिंह, मनोज कुमार, करनपाल सिंह, संजीव खेड़ा, मनीष, रोहित, योगेश, सरिता, कृष्णा, शशि, राजवीरी, ओमवीरी आदि रहे।