फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान के बेटे की संदिग्ध दशा में मौत

Sat, 06 May 2017 09:40 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ हापुड़
विज्ञापन
संदिग्ध दशा में मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोएडा में बन रही बहुमंजिला इमारत में चौकीदारी करने वाले किसान के इकलौते बेटे की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगा थाने में तहरीर दी है। लेकिन पुलिस सड़क हादसे के बाद नहर में डूबने से मौत होने की बात कह रही है।
विज्ञापन


गढ़ क्षेत्र के गांव सादुल्लापुर के किसान निरंजन सिंह का 20 वर्षीय इकलौता बेटा गौरव नोएडा में बन रही एक बहुमंजिला इमारत में चौकीदारी करता था। शुक्रवार रात अपने गांव हशूपुर जंगल के रजवाहे के पास उसकी संदिग्ध दशा में मौत हो गई।

शनिवार सुबह ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे लोगों को रजवाहे की पटरी पर अज्ञात शव पड़ा दिखाई दिया। शव की नाक से खून बह रहा था। बाइक करीब 40 मीटर दूर और एक जूता रजवाहे की दूसरी पटरी पर और बैग पुल के पास पड़ा हुआ था।
विज्ञापन


अज्ञात शव मिलने की खबर सुनते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। यहां शव की शिनाख्त गौरव के रूप में होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

चाचा सुभाष का कहना है कि शनिवार रात में गौरव ने मोबाइल से कॉल कर 15 मिनट में घर आने की बात कही थी, तो मोबाइल में यह आवाज भी आ रही थी कि कोई उससे जल्दी चलने की बात कह रहा था।

लेकिन कुछ ही मिनटों में उसका मोबाइल बंद हो गया और फिर वह रातभर इंतजार करने के बाद भी घर को नहीं लौटा। परिजनों का कहना है कि नोएडा से लौटने के दौरान गौरव के साथ एक युवक और था। उसने सोची समझी साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी है।

इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि रात में एक्सीडेंट होने पर बाइक रजवाहे में गिरने से गौरव की पानी में डूबकर मौत हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हो गई है। लेकिन फिर भी परिजनों की आशंका के मद्देनजर गौरव के साथ नोएडा से आए युवक से पूछताछ की जाएगी।

किसान निरंजन सिंह का बेटा गौरव अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। वह फौज में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि निरंजन चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। लेकिन चारों ही भाइयों के परिवारों में गौरव इकलौता बेटा था। इसकी संदिग्ध दशा में मौत होने से घर में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें