बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव में देर शाम फेरी लगाकर लौट रहे वस्त्र विक्रेता से बाइक सवार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर नगदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाश तमंचे की बट सिर में मारकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
अमरोहा के कस्बा गजरौला में रहने वाला मोमीन गांवों में फेरी लगाकर कपड़े बेचता है। वह रविवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांवों में फेरी लगाकर देर शाम को अपनी मोपेड से घर लौट रहा था।
ब्रजघाट रोड पर गांव पलवाड़ा के जंगल में पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर उसे रोक लिया। वस्त्र विक्रेता के मोपेड रोकते ही बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया और जेब में रखी 2900 रुपये लूट लिए।
मोमीन ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसके सिर में तमंचे की बट मार दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
बहादुरगढ़ एसओ आरके शर्मा का कहना है कि थाना क्षेत्र में इस तरह की कोई भी घटना नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।