नेशनल हाईवे पर धौलाना कट के पास बुधवार रात करीब 12 बजे तीन सशस्त्र बदमाशों ने चालक समेत तीन लोगों को बंधक बनाकर कार लूट ली और फिर सभी को बाबूगढ़ कैंट के जंगल में फेंककर भाग निकले। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से इलाहाबाद निवासी नागेंद्र आनंद विहार की ट्रैवलिंग एजेंसी में गाड़ी चलाता है। नागेंद्र बुधवार रात करीब बारह बजे कार से दो लोगों को हापुड़ छोड़ने जा रहा था। तभी नेशनल हाईवे के धौलाना कट के पास कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कार को रोक लिया और कार में बैठे तीनों लोगों को गन प्वाइंट पर ले लिया।
इसके बाद बदमाशों ने चालक नागेंद्र से पांच हजार रुपये, मोबाइल फोन, नवीन से साढ़े चार सौ रुपये, सुरेंद्र से पांच सौ रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तीनों लोगों को थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बाबूगढ़ कैंट एरिया के जंगल में फेंककर फरार हो गए।
उधर, पीड़ितों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशाें की तलाश की। कोतवाल दीपक त्यागी ने बताया कि ट्रैवलिंग एजेंसी के मालिक सुनील मिश्रा ने तहरीर दे दी है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली जाएगी।