पिलखुवा थाना क्षेत्र के न्यू आर्यनगर में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी की शनिवार रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पति को पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, यह बात उसने पुलिस को बताई।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के भाई ने अपने बहनोई के खिलाफ मर्डर की एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार बिजनौर निवासी रीता शर्मा (22) की करीब दो साल पूर्व पिलखुवा के मोहल्ला रजनी विहार निवासी मोनू शर्मा से शादी हुई थी।
शादी के बाद से पति-पत्नी पिलखुवा के न्यू आर्यनगर मोहल्ले में रामकिशन के मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया गया कि शनिवार को मोनू भैया-दूज के बाद अपनी पत्नी को मायके से लेकर घर आया था।
रात करीब 10 बजे दंपति में किसी बात पर झगड़ हो गया। जिसके बाद मोनू शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पत्नी रीता शर्मा को चाकू से गोद दिया। लहूलुहान रीता घर के बाहर आकर गिरकर बेहोश हो गई।
आसपास के लोगों ने महिला को लहूलुहान देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां से रीता को दिल्ली रेफर कर दिया।
रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी मोनू शर्मा को हिरासत में ले लिया है।
एसएचओ दीपक त्यागी का कहना है कि रीता के भाई भाई सोनू ने अपने बहनोई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। सोनू का आरोप है कि उसकी बहन रीता पति को शराब पीने के लिए मना करती थी, जिस पर वह मारपीट किया करता था। शनिवार रात मोनू ने उसकी बहन की हत्या कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पत्नी के घंटों फोन पर बात करने पर चिढ़ता था पति
पति मानू शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसे पत्नी के किसी से अवैध संबंध होने का शक था। इसलिए उसने पत्नी को मार डाला। वह अपने परिजनों से विवाद के कारण अलग किराए के मकान में रहता है।
मूलरूप से रजनी विहार निवासी मोनू शर्मा की जब से शादी हुई थी, तब से परिवार में किसी न किसी बात पर क्लेश होता रहता था। मोनू ने 21 दिन पूर्व ही न्यू आर्यनगर में किराए के मकान में रहना शुरू किया था।
मोनू पिलखुवा में ही चादर की दुकान पर नौकरी करता था। मोनू को पत्नी रीता पर शक था, लेकिन वह आनाकानी करती थी। रीता फोन पर घंटों किसी से बात करना मोनू को खलता था।
जिससे उनमें आए दिन झगड़े होते थे। उसने गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी को गोद डाला। इस बात का उसे कोई पछतावा नहीं था।