गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले की सीमाओं के सोमवार आधी रात से सील कर दिया गया। दिल्ली की तरफ आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई। शाम को रेलवे स्टेशन और शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया।
गणतंत्र दिवस पर खुफिया एजेंसियां आतंकी हमले का अंदेशा जता चुकी हैं। गृह मंत्रालय में खासतौर पर एनसीआर में अलर्ट जारी है। हापुड़ एनसीआर से सटा हुआ है और जिले का आतंकी कनेक्शन भी रहा है।
इसी वजह से पुलिस अधिकारियों ने जिले में खासतौर पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं। सोमवार शाम जिले में जगह-जगह पर चेकिंग हुई और बार्डर सील कर दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों जांच की गई।
हालांकि इस दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध तो नहीं मिला,लेकिन चैकिंग देखकर वाहन चालकों के साथ साथ लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सीओ सिटी विशाल यादव ने बताया कि शहर की सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए है।