रोजमर्रा के झगड़े से तंग आकर एक महिला ने अपने पति की तेजधार हथियारों से वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना रविवार देर रात गोल्डन एवेन्यू में हुई।
थाना सुलतानविंड पुलिस ने मृतक सुखचैन सिंह के भाई रंजीत सिंह के बयान पर सुखचैन की पत्नी दलजीत कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। घटना के बाद आरोपी फरार है।
मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया गया, वहीं आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।
सुखचैन सिंह के भाई रंजीत ने आरोप लगाए कि उसके भाई-भाभी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। रविवार को दंपति के बीच झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि दलजीत कौर ने गुस्से में आकर अपने पति पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उसे सिविल अस्पताल लेकर आई। सिर पर अधिक चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने डीसीपी क्राइम लखबीर सिंह, एसीपी गुरप्रीत सिंह, थाना सुलतानविंड प्रभारी मंजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के भाई रंजीत सिंह के बयान पर दलजीर कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।