अगवा किशोरी की बरामदगी न होने से गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। किशोरी को करीब हफ्तेभर पहले एक अधेड़ बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने पांच दिन के भीतर किशोरी को बरामद करने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि बहादुरगढ क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को पड़ोसी गांव रझैटी में रहने वाला दो बच्चों का पिता खुर्शीद 14 दिसंबर को बहला-फुसला कर भगा ले गया था। 16 दिसंबर को भाकियू ने राष्ट्रीय सचिव चौधरी सत्यबीर सिंह के नेतृत्व में बहादुरगढ़ थाने का घेराव कर किशोरी को बरामद करने की मांग की थी।
तब एसआई सुरेंद्रपाल सिंह ने तीन दिनों के भीतर किशोरी को बरामद करने का आश्वासन दिया था। तीन दिन बीतने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं लगा है। इससे खफा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को फिर एसओ संजीव शुक्ला का घेराव किया।
जिलाध्यक्ष धनवीर शास्त्री ने कहा कि पुलिस साठगांठ कर आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने जल्द ही किशोरी की बरामदगी न होने पर एसपी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान जिला प्रभारी सतवीर चौहान, कुशलपाल आर्य, सुरेश प्रधान,
सुरेंद्र चौहान, संजय, हरेंद्र प्रधान, इंद्रपाल, गिरेंद्र, नीटू चौहान, विनोद चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसओ संजीव शुक्ला ने पांच दिन में किशोरी की बरामदगी और आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।