कुर्सी थाना क्षेत्र के ओदार गांव में दो दिनों से लापता युवक का शव मंगलवार की सुबह गांव के बाहर पाया गया है। उसकी धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात कही जा रही है। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। वारदात के पीछे अवैध संबंधों का मामला सामने आ रहा है।
थाना कुर्सी क्षेत्र के ओदार गांव निवासी रमेश सिंह (35) पुत्र स्व. इंद्रपाल सिंह बीते दो दिनों से घर से लापता था। सुबह गांव के बाहर खेत में रमेश का शव क्षतविक्षत हालत में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ पड़ताल शुरू की।
एसपी राजू बाबू सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के पुत्र रामप्रकाश ने गांव के ही बलबीर सिंह, मुन्ना सिंह, जंगबहादुर व कुबेर सिंह के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी जिस पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अभी किसी आरोपी को पुलिस पकड़ नहीं सकी है। एसपी राजू बाबू सिंह ने बताया कि युवक की हत्या कर शव गांव के बाहर खेत में फेंका गया था। अभी तक की जांच में हत्या के पीछे नाजायज संबंध होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू की है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे उसके बाद ही घटना के पीछे की पूरी हकीकत सामने आ सकेगी।