एनएच-24 पर ब्रजघाट चेक पोस्ट पर मंगलवार शाम पशु तस्करों के एक ट्रक बैरियर तोड़ दिया और वहां खड़े सिपाहियों को कुचलने की कोशिश की।
पुलिस के पीछा करने पर थोड़ी दूर जाकर चालक समेत तीन तस्कर ट्रक कूदकर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस को ट्रक में भूसे की तरह भरे हुए 20 मवेशी मिले, जिनमें चार की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है। ब्रजघाट में नेशनल हाईवे किनारे स्थित चेक पोस्ट पर मंगलवार शाम पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान तिरपाल से ढका हुआ एक ट्रक गजरौला की ओर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी और बैरियर को तोड़ दिया।
हादसे में चार पुलिसकर्मी कुचलने से बच गए। पुलिस ने पीछा किया तो थोड़ी दूरी जाकर चालक और दो तस्कर ट्रक को हाइवे किनारे रोककर कूद गए।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक और तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में घुस गए। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 20 पशुओं को भूसे की तरह टांग और मुंह बांधकर डाला गया था। चार पशुओं की दम घुटने से ट्रक में ही मौत हो चुकी थी।
बरामद पशुओं को गोशाला भेज दिया गया है। अज्ञात तस्करों के विषय में ट्रक से मिले दस्तावेजों के आधार पर पता लगाया जा रहा है। उनके विरुद्ध पशु क्रूरता एवं गोवध एक्ट के तहत रिपोर्ट लिखी गई है। - एके निर्वाल, चौकी इंचार्ज