कोतवाली पुलिस ने रविवार रात बुलंदशहर रोड बाईपास पर गाजियाबाद से आ रही एक कार में सवार चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने विभिन्न राज्यों में नेशनल हाईवे पर कार लूट की 20 से अधिक वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है।
तीन घटनाओं को बदमाशों ने हापुड़ में अंजाम दिया। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर दलजीत चौधरी ने बदमाशों को दबोचने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम दिया है। पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि रविवार रात कोतवाली प्रभारी आरके सिंह व स्वाट टीम प्रभारी दीक्षित त्यागी टीम के साथ
बुलंदशहर रोड बाईपास पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध कार गाजियाबाद की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही कर टीम ने कार सवार चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि, दो बदमाश मौका पाकर भाग गए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम शाहने आलम निवासी गांव कम्हेड़ा मुजफ्फरनगर, अमीरुद़्दीन निवासी गांव भमरा गुलावठी, कलुआ निवासी गांव जिसौरा थाना मुंडाली (मेरठ) व आसिफ निवासी मोहल्ला छीपीवाड़ा पिलखुवा बताया है।
वहीं, गैंग का सरगना इरशाद निवासी रुकनपुर मेरठ व कामिल निवासी नाहल मसूरी भाग गए। पूछताछ में बदमाशों ने पांच नवंबर को निजामपुर हाईवे पर नोएडा के परिवार से कार लूट की घटना स्वीकार की। एसपी ने बताया कि घटना के बाद बदमाशों का एक मोबाइल कहीं गिर गया था।
मोबाइल नहीं मिलने पर पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने कार में आग लगा दिया था। इसके अलावा बदमाशों ने 22 अक्तूबर और 23 नवंबर को पिलखुवा में हाईवे पर दो कारें लूटी थीं। एसपी ने बताया कि बदमाशों ने पिछले दो माह में अमरोहा, बागपत, मुरादाबाद, बस्ती, संतकबीरनगर,
लखीमपुर खीरी में कार लूट की लगभग 20 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है। बदमाशों पर 50 से अधिक लूट व डकैती के मुकदमे दर्ज हैं। यूपी के अलावा बदमाश दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व राजस्थान में भी हाईवे पर लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर लूटी हुई तीन कार, चार तमंचे, चेन, अंगूठी, फोन बरामद किए हैं। बदमाश लूट से पहले फोन के सिम व बैटरी निकालकर एक पॉलीथीन में रख देते थे।
पुलिस टीम की सफलता पर डीजीपी जावीद अहमद ने बधाई दी है। साथ ही उनके निर्देश पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर दलजीत चौधरी ने टीम को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। अलंकृता सिंह, एसपी हापुड़