बाबूगढ़ में हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सबसे बड़ी बात यह है कि घायल काफी देर तक तड़पता रहा लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। करीब एक घंटे बाद कुछ कार सवार लोग उसे लेकर अस्पताल ले जाने लगे तो उनकी कार भी ततारपुर बाईपास पर ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई।
हादसे में कार सवार लोग घायल हो गए। इसी बीच, बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार बिलहरा सिंभावली निवासी प्रवीण (35) बाइक से हापुड़ से घर की ओर जा रहा था।
वह नोएडा स्थित एक प्राईवेट कंपनी में नौकरी करता था। दशहरे की छुट्टी पर प्रवीण सोमवार रात नोएडा से लौट रहा था। जैसे ही वह बाबूगढ़ के हाईवे पर पहुंचा तो उसकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि घायल प्रवीण काफी देर तक सड़क पर दर्द से कराहता रहा लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली। किसी राहगीर व पुलिस कर्मी ने उसकी सुध नहीं ली। सूचना पर भी काफी देर बाद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच लोगों ने एक कार रुकवाकर उसमें घायल को अस्पताल भेजा।
घायल को लेकर हापुड़ आ रही कार जैसे ही ततारपुर बाईपास पर पहुंची तो उसमें ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। जिसमें सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। इसी दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले प्रवीण ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर बाबूगढ़ पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची और परिजन को सूचना दी।
वहीं, पुलिस की लापरवाही को लेकर पूरे दिन सोशल मीडिया पर संदेश चलते रहे। पुलिस अधिकारी पूरे मामले को लेकर अंजान बने रहे। बाबूगढ़ इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार का कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देरी से पहुंचने के आरोप निराधार है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।