गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने जाते समय कॉलेज के पास से अपहृत हुई छात्रा का तीन दिन बीतने के बाद भी कोई सुराग लग पाना संभव नहीं हो पाया है, जिसके चलते एसओजी और पुलिस अब सर्विलांस के साथ ही बीटीएस डाटा को खंगालने में जुट गए हैं।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने जाते समय बक्सर के गांव ब्रह्मगढ़ी निवासी नवरतन सैनी की बेटी प्रीति को कॉलेज से चंद गजों की दूरी पर कार में सवार होकर आए चार युवक तमंचों की नोक पर दिनदहाड़े सरेराह अपहरण कर ले गए थे।
तीसरा दिन बीतने के बाद भी छात्रा के अपहरण से जुड़ी संगीन वारदात में पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली चल रहे हैं। जिससे अनहोनी की आशंका के चलते अपहृत छात्रा के परिजनों में बेचैनी व्याप्त होने के साथ ही क्षेत्र में अजीब सी दहशत बनी हुई है।
इससे स्कूल-कॉलेजों में पढने वाली छात्राएं अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही हैं, तो उनके घर वापिस लौटने तक परिजनों में भी अजीब सी बेचैनी बनी रहती है। छात्रा के अपहरण की गुत्थी सुलझाने की कवायद में जुटी पुलिस और एसओजी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल करने में व्यस्त हैं।
एसओजी प्रभारी संजय कुमार त्यागी और एसआई दिलीप शर्मा ने बताया कि अपहृत छात्रा की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की सुरागरसी के उद्देश्य से सर्विलांस के साथ ही बीटीएस डाटा खंगाला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों का बीटीएस डाटा खंगाला जा रहा है, उनमें मुख्य रूप से घटनास्थल समेत गांव ब्रह्मगढ़ी में छात्रा के घर के आसपास इस्तेमाल होने वाले मोबाइलों का डाटा एकत्र कर उसकी जांच कराई जा रही है।