बोरों में बंद मिली गोवंश की पांच खालें
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुचेसर रोड चौपला पर स्कूल के पास खाली प्लाट में बोरों में गोवंश की पांच खालें बरामद होने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मौके पर पहुंचकर एसडीएम, सीओ ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर नमूने लिये और समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया। इसमें अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कुचेसर रोड चौपला पर इंडस ग्लोबल स्कूल के पास एक खाली प्लाट है। शुक्रवार को इस प्लाट में चार बोरे पड़े थे। आसपास घूम रहे कुत्तों ने इन बोरों से गोवंश की खाल खींचकर सड़क पर फेंक दिया। इसे देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने बोरों से पांच गोवंश की खालें बरामद की। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के साथ-साथ काफी संख्या में लोग यहां पहुंचकर हंगामा करने लगे।
गोवंश की खालें मिलने पर पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एसडीएम सत्यप्रकाश, सीओ राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों का कहना था कि गोवंश की खालें मिलने से यह साफ हो जाता है कि आसपास ही कहीं गोकशी हो रही है। यह पुलिस की नाकामी का नतीजा है। अधिकारियों ने लोगों को जैसे-तैसे शांत कराया।
उसके बाद मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भी मौके पर बुलाकर नमूने लेकर गोवंश की खालों को भूमि में दबा दिया गया। सीओ राजेश कुमार का कहना है कि गोवंश की खालों को किसी दूसरे क्षेत्र से लाकर यहां डाला गया है। बाबूगढ़ थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बवाल कराने की तो नहीं थी साजिश
इस मामले में पुलिस भले ही दूसरे क्षेत्रों से यहां खाल फेंकने का दावा कर रही हो, लेकिन इससे यह स्पष्ट हो गया है कि क्षेत्र में गोकशी हो रही है। दूसरी ओर इस प्रकार से खुले में गोवंश की खालें डालना एक बड़ी साजिश का भी हिस्सा हो सकता है। बुलंदशहर के गांव चिंगरावठी में भी गोवंश के अवशेष मिलने के बाद ही हिंसा फैली थी। हालांकि कुचेसर रोड चौपला पर लोगों और पुलिस अधिकारियों की सूूझ-बूझ के कारण कोई बड़ी घटना नहीं हुई।
-कुचेसर रोड चौपला पर एक स्कूल के पास खाली प्लाट में मिले बोरे, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा
-सीओ व सीवीओ मौके पर पहुंचे, जांच में जुटी पुलिस
-कटान को लेकर लोगों में रोष, मंदिर से महज 50 मीटर दूर की घटना