बहन का प्यार गुजरा नागवार, मार डाला
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बनखंडा में भाई ने छोटी नाबालिग बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। बहन का कुसूर इतना था कि वह पड़ोसी युवक से प्रेम करती थी। परिजनों ने रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो भाइयों सहित तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान एक भाई ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव बनखंडा निवासी मोनिका (17) पुत्री स्वर्गीय कालू कुचेसर रोड चौपला स्थित एक कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि मोनिका की उसके परिजनों ने हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोनिका की चिता से नमूने लेने के बाद उसके भाई गुड्डू, अनुज और एक पड़ोसी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गुड्डू (20) ने बहन की हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि बहन का पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार को भी वह पूरे दिन घर से लापता थी। इससे गुस्साए गुड्डू ने रात में सोते समय मोनिका की गला दबाकर हत्या कर दी। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मृतका तीन भाइयों में सबसे छोटी व इकलौती बहन थी। पिता की छह साल पहले टीबी से मौत हो गई थी। फिलहाल वह दो भाइयों व मां के साथ रहती थी। गुड्डू ने अकेले ही घटना को अंजाम दिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।