दुष्कर्म के आरोप से बचने के लिए दर्ज कराया फर्जी मुकदमा
हापुड़। दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने पर बदले की नियत से तांत्रिक ने एक महिला के माध्यम से पीड़िता के दिव्यांग देवर के खिलाफ गाजियाबाद में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोप है कि अब इसी मुकदमे का हवाला देकर आरोपी फैसले का दबाव बना रहा है। मंगलवार को पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी तांत्रिक ने उस पर आत्मा का साया बताकर झांसे में ले लिया। इलाज के बहाने वह उसे ब्रजघाट ले गया और चार अगस्त 2016 को उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इस मामले में गढ़ कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज है।
आरोप है कि कुछ ही समय पहले आरोपी तांत्रिक ने अपनी एक परिचित महिला के माध्यम से उसके दिव्यांग देवर के खिलाफ गाजियाबाद के थाना विजयनगर में एक मुकदमा दर्ज करा दिया। अब तांत्रिक फैसला करने का दबाव बना रहा है और ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।