उधार की रकम मांगने पर घर में घुसकर हमला
हापुड़। धौलाना थाना क्षेत्र के गांव लालपुर सौलाना में उधार की रकम मांगने पर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग कर दी। इस मामले में धौलाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से क्षुब्ध व्यक्ति ने मंगलवार को एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
गांव लालपुर सौलाना निवासी फुरकान ने बताया कि उसने गांव के ही एक युवक को अपने परिचित से कुछ समय पहले 30 हजार रुपये उधार दिला दिए थे। लेकिन बार-बार तगादा करने के बाद भी युवक रुपये वापस नहीं कर रहा है। उसने बताया कि सोमवार को रुपयों की मांग करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। लेकिन कुछ लोगों ने बीच बचाव करा दिया। लेकिन शाम के समय युवक अपने साथियों के साथ घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। जब परिवार के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। मामले की तहरीर धौलाना थाने में दी गयी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद एसपी से शिकायत की गयी है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि धौलाना पुलिस को जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।