टायर फटने से स्कार्पियो
पलटी, दो की मौत
- आधा दर्जन गंभीर रूप में घायल, नाजुक हालत में एक को मेरठ किया गया रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। बारात में आई स्कार्पियो का टायर फटने के बाद बेकाबू हो गई और डिवाइडर को पार कर हाईवे की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके छह साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक को गंभीर हालत में मेरठ को रेफर किया गया है।
जनपद बिजनौर के धामपुर क्षेत्र से सोमवार की शाम को एक बारात हापुड़ आई थी, जिसमें शिरकत करने के लिए दूल्हे के दोस्त स्कार्पियो से हापुड़ जा रहे थे। गढ़ क्षेत्र के गांव सरूरपुर के सामने रात करीब पौने आठ बजे पिछला टायर फटने से स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई और जो पलटी हुई डिवाइडर को पार कर हाईवे की दूसरी तरफ पहुंच गई। इस हादसे में धामपुर, बिजनौर निवासी कामिल और मोहसिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील, जावेद, अंकित, ललित, गोल्डी और अमित घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर एनके सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, आनन फानन में घायलों को गढ़ के अस्पताल को ले आए। जहां हालत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने सुनील को मेरठ रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर ने दुर्घटना में स्कार्पियो के ड्राइवर मोहसिन और अगली सीट पर बैठे कामिल की मौके पर मौत की बात कही है। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।