उपेड़ा में बैंक के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा स्थित सिंडीकेट बैंक की शाखा में बृहस्पतिवार रात चारों ने शटर के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश की। सुबह मामले की जानकारी होने पर बैंक अधिकारियों और पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ डाग स्क्वायड और फारेंसिंक टीम ने मामले की जांच की। वहीं एक अन्य बैंक में भी चोरी की कोशिश के संकेत मिले हैं।
उपैड़ा गांव में सिंडीकेट बैंक की शाखा है। बृहस्पतिवार रात चोरों ने बैंक के शटर के ताले तोड़ दिए। चोर शटर के अंदर लगे चैनल के तालों को नहीं तोड़ सके तो चैनल को नीचे से खोलकर अंदर घुस गए। इसके बाद भी चोर चोरी में कामयाब नहीं हुए। सुबह ग्रामीणों ने शटर के ताले टूटे देखकर मामले की जानकारी पुलिस व बैंक के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बैंक के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संभवत: चोर जाग होने के डर से भाग गए। जांच के लिए मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एलडीएम राकेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और बैंक के अधिकारियों से जानकारी ली। इसके अलावा बैंक के पास ही स्थित इंडियन बैंक के ताले भी तोड़ने का प्रयास किया गया।
पूरी घटना में बैंक अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आ रही है। बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे और न ही बैंक का सायरन बजा। बहरहाल, बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही मामले की खुलासा किया जाएगा।