बुलंदशहर रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे बस के इंतजार में खड़े दपंति को वैन में लिफ्ट देकर बदमाशों ने 50 हजार की नगदी लूट ली। लूट के बाद बदमाश उन्हें बाइपास पर दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर फेंककर भाग गए।
लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बदमाशों की काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जानकारी के अनुसार सिंभावली के खुड़लिया गांव निवासी सतवीर
अपनी पत्नी सुनीता व एक पुत्री के साथ बुलंदशहर रिश्तेदारी में गया था। जहां वह अपनी भैंस बेचकर वापस लौट रहा था। उसके पास 50 हजार रुपये थे। बुधवार सुबह वह बुलंदशहर से रोडवेज बस में सवार होकर हापुड़ उतरा।
जहां वह घर जाने के लिए बुलंदशहर रोड स्थित बाईपास पुल के नीचे वाहन का इंतजार करने लगे। तभी एक वैन उनके पास आकर रुकी, जिसमें चालक समेत चार लोग पहले से सवार थे। वैन चालक ने उन्हें सिंभावली जाने की बात कहकर कार में बैठा लिया।
कार चालक ने खुद को भरना गांव का निवासी बताया तो सतवीर को विश्वास आ गया। बाइपास पर पहुंचते ही वैन सवार बदमाशों ने उनकी तलाशी लेनी शुरू कर दी। विरोध करने पर एक बदमाश ने हथियार निकालकर सतवीर की कनपटी पर लगा दी।
और उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश कार को थाना देहात से पहले मोड़ वापस दिल्ली की ओर चल दिए और बाईपास पर ही उन्हें फेंककर भाग गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस के 100 नंबर पर घटना की सूचना दी, जिसे सुनकर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। यूपी 100 पहुंचने से पहले ही एएसपी रामनयन यादव व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बदमाशों की काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। हाफिजपुर थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। जल्द बदमाशों का सुराग लगा लिया जाएगा।