पुलिस की पकड़ से दूर युवती की हत्या का आरोपी
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की हत्या के मामले में नामजद युवक को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि उसकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश जारी हैं। उधर पुलिस ने युवती का बिसरा जांच के लिए लैब भेजा है।
गौरतलब है कि हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शनिवार शाम ईंख के खेत में गंभीर हालत में पड़ी मिली थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। उस समय उसके साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई। मामले में गांव के ही नरेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
लेकिन आरोपी युवक नरेश फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से दूूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। लेकिन गांव में घटना को लेकर तनाव व्याप्त है।
थाना प्रभारी सुभाष गौतम ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उधर, मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए युवती का बिसरा जांच के लिए लैब भेजा है।