बेकाबू कार ने बाइक और साइकिल को टक्कर मारी
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर रविवार को दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने एक बाइक और साइकिल में टक्कर मार दी। जिसमें दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
गढ़ क्षेत्र के गांव अठसैनी निवासी पृथ्वी सिंह रविवार की सुबह साइकिल से गढ़ में मजदूरी करने आ रहा था। वहीं गोंडा निवासी राहुल दिल्ली से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। नेशनल हाईवे पर गंग नहर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने राहुल की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक फिसल गई और आगे जा रही साइकिल से जा टकराई। घटना में पृथ्वी सिंह और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए दोनों घायलों को स्थानीय नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर दीपक त्यागी ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।