नाबालिग के साथ गैंगरेप, परिजनों ने किया हंगामा
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग के साथ गांव के ही तीन युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एएसपी कार्यालय के बाहर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस की ओर से आरोपियों से मिलीभगत कर मुकदमे की धाराएं बदलने व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एएसपी से शिकायत की है।
शिकायती पत्र में परिजनों का आरोप है कि एक नाबालिग के साथ दो मार्च को गांव के ही तीन युवकों ने गैंगरेप किया था। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत करने पर पुलिस ने मनमाने ढंग से रिपोर्ट दर्ज की थी।
आरोप है कि इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आरोपियों से मिलीभगत कर पीड़ित की पुत्री का वाह्य चोटों का मेडिकल कराकर अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के दस दिन बाद मजिस्ट्रेट के आदेश पर जांच अधिकारी ने पीड़िता का गैंगरेप का मेडिकल कराया।
जांच अधिकारी दरोगा को गवाहों के शपथ पत्र केस डायरी में शामिल करने को दिए गए थे। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों से साज कर कोई कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी आए दिन पीड़ित परिवार को धमकी देकर फैसले का दबाव बना रहे हैं।
ग्रामीणों ने एएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर लोगों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।