बीमार भाभी से रेप की कोशिश, शिकायत पर पीटा
- शिकायत पर पति और ससुर ने मारपीट कर किया घायल
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव में सात दिन पहले बीमार भाभी से देवर ने रेप की कोशिश की। शिकायत करने पर पति और ससुर ने विवाहिता से ही मारपीट की। मामला पंचायत में पहुंचने पर ग्रामीणों ने समझौता करा दिया, लेकिन सोमवार को फिर पति, ससुर और देवर ने महिला से मारपीट की। महिला नेे तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने सोमवार को पुलिस को बताया कि वह कुछ दिनों से बीमार चल रही है। एक सप्ताह पहले दोपहर के समय वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका देवर उसके साथ छेड़छाड़ और रेप की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला से मारपीट की। महिला ने बताया कि शाम को उसका पति और अन्य परिजन घर लौटे तो उसने देवर की हरकत के बारे में उन्हें जानकारी दी। महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुर ने उसके साथ ही मारपीट की। सूचना के बाद महिला के माता-पिता और अन्य परिजन गांव पहुंचे, जहां पंचायत में ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों मे समझौता हो गया। लेकिन सोमवार की दोपहर फिर उसके पति, ससुर और देवर ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर सोमवार की देर शाम आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। वहीं एसओ रवि रतन का कहना है कि मामला कृषि भूमि को लेकर विवाद का है। जिसकी जांच की जा रही है।