सिंभावली की एसबीआई बैंक शाखा के बाहर एक किसान से मंगलवार दोपहर बाइकर्स 2.38 लाख रुपये लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे।
पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। गांव माधापुर के किसान राजेंद्र त्यागी मंगलवार को अपने भतीजे नरेंद्र त्यागी के साथ सिंभावली में एसबीआई बैंक शाखा में आए थे।
यहां उन्हें अपने किसान क्रेडिट कार्ड को रिनुअल कराना था, लेकिन किसी कारणवश किसान क्रेडिट कार्ड रिनुअल न होने पर उन्होंने अपने खाते से डेढ़ लाख की रकम निकाल ली। 88 हजार रुपये की रकम रिनुअल के लिए वे घर से लेकर आए थे।
किसान राजेंद्र त्यागी जैसे ही रुपयों से भरा थैला लेकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे, तभी काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां आ गए। उन्होंने किसान को तमंचा सटाकर रुपये से भरा थैला छीन लिया और रेलवे रोड से होकर नहर पटरी की ओर फरार हो गए।
लूट का पता लगते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस आनन फानन में संपर्क रास्तों पर पहुंचकर लुटेरों की तलाश में जुट गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही एएसपी ओपी सिंह और एसओ एनके शर्मा मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
अति व्यस्ततम हाईवे किनारे शुगर मिल गेट के पास स्थित बैंक शाखा के बाहर दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से इलाके हड़कंप मचा हुआ है।
एसओ एनके शर्मा का कहना है कि किसान राजेंद्र त्यागी द्वारा बैंक शाखा के बाहर लूटपाट होने की बात कही जा रही है। बैंक शाखा के सीसी टीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।