प्लाइवुड फैक्ट्री में चोरी की कोशिश
गढ़मुक्तेश्वर। गांव खुडलिया के जंगल में स्थित प्लाइवुड फैक्ट्री में चोरी करने आए बदमाशों और गार्ड के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। इसके चलते बदमाश भाग खड़े हुए। पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया के जंगल में दीपांशु गोयल की प्लाइवुड की फैक्ट्री है। मंगलवार रात चोर दीवार फांदकर फैक्ट्री में घुस गए और फैक्ट्री में लगा इर्न्वटर और चार बैट्री चोरी कर लीं। सामान चोरी करके ले जाने के दौरान फैक्ट्री में कार्यरत गार्ड मौके पर पहुंच गया, जिसने बदमाशों को देखकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर बदमाशों ने गार्ड पर फायर कर दिया और भागने लगे। इसी बीच फैक्ट्री में ही कार्यरत गन मैन भी मौके पर पहुंच गया। जिसने जवाब में बदमाशों पर फायरिंग की, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। इसके बाद गार्ड और गनमैन ने पुलिस और मालिक को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने जांच पड़ताल की। दीपांशु गोयल ने थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी ने बताया कि मामले की तहरीर नहीं मिली है।