बाइक सवारों ने वृद्धा से कुंडल लूटे, संदिग्ध दबोचे
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत गांव गोहरा में एक वृद्ध महिला से दिन दहाड़े बाइक सवार दो बदमाश तमंचे के बल पर कुंडल लूटकर भाग गए। पीड़िता के शोर मचाने पर मदद के लिए आए ग्रामीणों ने कुछ संदिग्धों को दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पीड़िता महिला ने थाने में तहरीर दी है।
बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव गोहरा निवासी रिछपाली(70) बृहस्पतिवार दोपहर अपने खेत पर काम करने गई थी। काम खत्म करने के बाद लौटते वक्त लौटी गोहरा मार्ग पर स्थित कोल्हू के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और तमंचे के बल पर सोने के कुंडल लूटकर भाग गए।
महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ ने कुछ संदिग्ध लोगों को दबोच लिया। लोगों ने उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि इस पर पहुंची पुलिस को जंगल के रास्ते से एक संदिग्ध बाइक भी मिली है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।