प्रेमी के झांसे में आकर नाबालिग ने मां को पीटा
हापुड़। आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने प्रेमी के झांसे में आकर अपनी विधवा मां के साथ मारपीट कर दी। परिजनों द्वारा डांटने पर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। पुत्री को कोतवाली लेकर पहुंची विधवा ने प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग है।
जानकारी के अनुसार नगर के एक मोहल्ला निवासी एक विधवा ने बताया कि वह किराये के मकान में रहती है। उसके तीन पुत्र मजदूरी कर परिवार पालने में उसका हाथ बंटाते है। जबकि उसकी सबसे छोटी नाबालिग पुत्री नगर के एक स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है।
आरोप है कि देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी युवक उसके ही स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है। उक्त युवक ने उसकी नाबालिग पुत्री को अपने झांसे में लेकर प्रेमजाल में फंसा लिया।
इसकी जानकारी होने पर बृहस्पतिवार को जब विधवा ने पुत्री से इस बारे में पूछताछ की तो उसने मां के साथ मारपीट कर दी। उसके बाद नाबालिग ने धारदार हथियार से हाथ की नश काटकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया।
परिजन हाथ से चाकू छीनकर नाबालिग को कोतवाली ले गए। पीड़ित मां ने प्रेमी युवक पर पुत्री को बहला फुसलाकर अपने जाल में फंसाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।