ओवरलोड ट्राली के नीचे दबकर युवती की मौत
हापुड़। थाना बाबूगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर गांव अल्लीपुर कट पर लकड़ी की छीलन से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती की शिनाख्त अल्लीपुर निवासी पूजा के रूप में हुई है। युवती 17 जनवरी की रात से लापता थी। तभी से वह लकड़ी की छीलन के नीचे दबी पड़ी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। युवती की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी पूजा (20) पुत्री चंद्रपाल नोएडा में जॉब करती थी। बुधवार को वह घर से जॉब पर जाने के लिए निकली थी। शाम के समय कंपनी की गाड़ी ने युवती को तहसील चौपला पर उतार दिया था। युवती ने परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। मगर, इसके बाद युवती अचानक लापता हो गई। युवती के परिजनों ने युवती के अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए कोतवाली में तहरीर भी दी थी।
शुक्रवार सुबह अल्लीपुर कट पर बुधवार शाम को पलटी ट्रैक्टर-ट्राली की लकड़ी की छीलन को उठाया जा रहा था। तभी उसके नीचे युवती का शव पड़ा दिखाई दिया। छीलन बटौर रहे कर्मचारियों के शव देखते ही होश उड़ गए। कुछ ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि कट पर पहुंचने के बाद युवती पलट रही ट्राली की चपेट में आकर दब गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि युवती की मौत ट्राली के नीचे दबने से हुई है। फिलहाल मामले की जांच हर बिंदु पर की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।
उधर, ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों पर पुलिस अंकुश लगाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।