युवक पर लगाया पुत्री के अपहरण का आरोप
- पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उसकी पुत्री का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक पिछले कुछ समय से उसकी पुत्री को परेशान कर रहा था। उसकी पुत्री ने जब इस बारे में जानकारी दी तो उन्होंने युवक के परिजनों से इस मामले को लेकर शिकायत की थी।
आरोप है कि मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे उसकी पुत्री घर से किसी काम से गई थी। काफी देर के बाद भी जब वह वापस घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। मगर, उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। बुधवार को पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित ने बताया कि उक्त युवक उसकी पुत्री का अपहरण कर ले गया है। कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो