मां की डांट से गुस्साई किशोरी फंदे पर झूली
गढ़मुक्तेश्वर। मां की डांट से गुस्साई किशोरी ने फंदे पर झूलकर खुदकुशी कर ली। ग्रामीण और परिजनों ने शव पोस्टमार्टम को भेजने का विरोध किया, लेकिन समझाने पर उनके राजी होने के बाद पुलिस शव को ले आई।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी का कृष्णपाल प्रजापति मेहनत मजदूरी से परिवार की गुजर बसर करता है, जो रविवार की सुबह क्षेत्र के गांव करीमपुर के भट्ठे पर कामकाज करने गया था। जबकि पत्नी इंद्रेश, बेटी दीपा, बीना और स्वाति जंगल में गन्ने की कटाई करने गई थीं। मवेशियों का चारा लेकर इंद्रेश सुबह साढ़े 11 बजे घर लौटी तो घर के बरामदे के कुंदे में रस्सी के फंदे पर 16 वर्षीय बेटी हिना का शव लटका देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इंद्रेश चिल्लाती हुई घर के बाहर निकल आई, जिसका शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए और हिना का शव फंदे पर लटका देख पुलिस को खबर कर दी। परिजनों समेत ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया, लेकिन बाद में पुलिस के समझाने पर वे राजी हो गए। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसओ जयपाल रावत का कहना है कि कृष्णपाल प्रजापति की पत्नी इंद्रेश ने हिना को गन्ने की कटाई के लिए साथ ले जाने की बात कही थी, लेकिन उसके इंकार करने पर मां ने डांट फटकार कर दी थी। इसलिए माना जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर हिना ने फंदे पर झूलकर खुदकुशी कर ली है।