सिखैड़ा रोड स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र से मंगलवार दोपहर 12 नशेड़ी कर्मचारी को पीटकर फरार हो गए। घटना के वक्त नशा मुक्ति केंद्र संचालक दवा लेने गया था।
नशेड़ियों ने इसका फायदा उठाते हुए टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और कर्मचारी को पीट दिया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिखैड़ा रोड पर एनजीओ की ओर से नशा मुक्ति केंद्र संचालित है। बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे 12 नशेड़ियों ने एक-एक करके टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और कर्मचारी भानू को पीटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के इलाके में नशेड़ियों की तलाश की गई, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
नशा मुक्ति केंद्र के संचालक सजल ने बताया कि वह घटना के वक्त दवा लेने गए थे। नशेड़ियों को यहां नशा मुक्ति का बेहतर इलाज दिया जाता है। किसी भी नशेड़ी को यहां प्रताड़ित नहीं किया जाता।
नशा मुक्ति केंद्र से नशेड़ियों के भागने के मामले की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - विनोद कुमार पांडेय, कोतवाल
मेरे जानकारी में मामला नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कराकर मामले का पता लगाया जाएगा। - कन्हई सिंह, एसडीएम, पिलखुवा