मेले से लापता मेरठ के अधेड़ की हत्या
- दो दिन पहले संदिग्ध हालात में गायब हो गया था
- सिर में गहरे चोट के निशान, ज्यादा खून गिरने से हुई मौत
फोटो 12
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। दो दिन पहले मेले से संदिग्ध हालात में लापता मेरठ निवासी अधेड़ का शव रविवार को फसल में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले है। इससे आशंका है कि युवक के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी कहने से कतरा रही है।
गढ़-चौपला रोड के संत रविदास चौक से होकर स्याना चौपला के हाईवे को जाने वाली सड़क के किनारे अपने खेत में चारा काट रहे किसान ने रविवार सुबह एक अधेड़ का लहूलुहान शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोतवाली को ले आई। अधेड़ के सिर में गहरे चोट के निशान मिले हैं। इसके चलते आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को चारे की फसल में फेंका गया है। दोपहर बाद अधेड़ का बेटा नितेश कोतवाली पहुंचा और लापता पिता का सुराग न लगने के विषय में जानकारी दी, जहां पूछताछ के बाद पुलिस ने ठंडी सड़क किनारे मिले अज्ञात शव की फोटो दिखाई तो उसने शव की शिनाख्त शिवकुमार (44) के रूप में की। शिव कुमार मेरठ जिला के गांव दुरैड़ा थाना मोदीपुरम का रहने वाला था। वह तीन नवंबर को परिवार के साथ खादर मेले में आए थे, जहां से शिवकुमार संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। इंस्पेक्टर दीपक त्यागी का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच कराई जा रही है। हालांकि प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक को र्मिगी के दौरे पड़ते थे।