ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली शुगर मिल में गन्ने के ट्रैक्टर-ट्राले पर चालक के रूप पर तैनात युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक के चाचा ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी बलबीर सिंह ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि उसका भतीजा संदीप उर्फ टीटू पुत्र सुखबीर सिंभावली शुगर मिल में गन्ने की ढुलाई करने के लिए ट्रैक्टर-ट्राले पर चालक का काम करता था। बुधवार की रात करीब संदीप ट्रैक्टर-ट्राले में गन्ने भरकर शुगर मिल के ट्रक यार्ड में गया था। रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि संदीप यार्ड में खड़े एक दूसरे ट्रैक्टर-ट्राले के पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को हापुड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई। बलबीर सिंह का कहना है कि उसके भतीजे को साथी ट्रैक्टर चालक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या की। पीड़ित ने दोनों आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। सिंभावली थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।