विधवा से दुष्कर्म में फरार आरोपी नहीं हुए गिरफ्तार
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीन में से फरार दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बुधवार को पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं और धमकी दे रहे हैं।
मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराये जाने की मांग करते हुए पीड़िता ने कहा कि सात सितंबर को उसके साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट की गयी थी। जिसका मुकदमा उसने बाबूगढ़ थाने में दर्ज कराया।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दो आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि आरोपी केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही ऐसा नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इस धमकी से वह और उसका परिवार काफी भयभीत है। पीड़िता ने पूरे प्रकरण की जांच बदलकर क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।