रोडवेज ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौत
हापुड़। एसएससी की परीक्षा देने मेरठ जा रहे बाइक सवार दो युवकों को रोडवेज बस ने कुचल दिया। इससे दोनों युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार दो युवक बुलंदशहर की ओर से हापुड़ की तरफ आ रहे थे। जैसे ही दोनों हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुलंदशहर रोड पर नागेशवर मंदिर के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेजरफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल रवाना किया, लेकिन दोनों की रास्ते में ही मौत हो गई। दोनों की शिनाख्त विशाल सिरोही (21) पुत्र दिनेश व सिद्धार्थ सिरोही (20) पुत्र रामप्रकाश निवासी गांव सीही, थाना अगौता जिला बुलंदशहर के रूप में हुई। दोनों एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं और रिश्ते में भाई लगते थे।
हादसे की सूचना मिलते हीं परिजन मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। शवों को देख उनका बुरा हाल हो गया। इस संबंध में विजयपाल सिंह ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विजयपाल ने बताया कि दोनों मेरठ में एसएससी (जीडी) की परीक्षा देने जा रहे थे। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद चालक और परिचालक बस वहीं छोड़कर भाग गए। बाद में सवारियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
थाना प्रभारी जयपाल सिंह रावत ने बताया कि आरोपी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार है।
- बुलंदशहर रोड पर हाफिजपुर थाने के पास हुई घटना, दोनों एक ही परिवार से रखते थे ताल्लुक
- मेरठ में एसएससी की परीक्षा देने जा रहे थे दोनों युवक