मोबाइल शॉप समेत दो दुकानों में नकब लगाने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-तहसील रोड पर सोमवार रात चोरों ने मोबाइल शॉप समेत डेयरी में नकब लगाने की कोशिश की। दुकानों के अंदर लोहे की चादर लगी होने के कारण चोर अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके।
गढ़ के कोतवाली रोड निवासी रवि पंवार और दीपक पंवार तहसील रोड पर स्थित सहकारी समिति परिसर में बनी दुकानों में मोबाइल दुकान चलाते हैं। सोमवार रात चोरों ने दुकान में पीछे से नकब लगाने की कोशिश की, लेकिन पिछले हिस्सें में दुकानदार ने लोहे की चादर दीवार में लगवा रखी है। इस कारण चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। उसके बाद उन्होंने साथ ही स्थित राजेंद्र पाल की डेयरी को निशाना बनाया। दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाने में तो चोर कामयाब हो गए, लेकिन दीवार के सहारे रखे ड्रमों के कारण दुकान में नहीं घुस पाए जिससे चोरी होने से बच गई। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर दुकानदारों को घटना का पता चला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। दुकानदारों ने घटना के संबंध में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दीपक त्यागी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।