बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-24 पर पत्नी और तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दिल्ली से अपने गांव जा रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और मासूम बच्ची घायल हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक जिला बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के गांव भैसोडा निवासी मूलचंद (27) पुत्र धनराज पत्नी शीतल और तीन साल की मासूम बच्ची पलक के साथ शनिवार को दिल्ली से बाइक पर गांव जा रहे थे।
जब वह बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के में एक ढ़ाबे पर पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसमें तीनों घायल हो गए। उन्हें पुलिस की मदद से राहगीरों ने नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने मूलचद को मृत घोषित कर दिया। जबकि शीतल और पलक की हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजों के आधार पर परिवार को सूचना दी तो वहां कोहराम मच गया।
मृतक के पिता धनराज का कहना है कि मूलचंद पेट्रोल पंप पर कर्मचारी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।